'जादू' दिखाने के बहाने सोने की अंगूठी चुराकर फरार आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Oct 26, 2026 - 06:30 PM (IST)
बीडः महाराष्ट्र के बीड जिले में एक बुजुर्ग व्यक्ति को जादू से एक कंकड़ को पवित्र रुद्राक्ष में बदलने का दावा कर उसकी एक लाख रुपये की सोने की अंगूठी चुराकर चंपत होने के आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना 28 सितंबर को परली बस स्टेशन पर हुई थी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित स्थानीय निवासी है और घटना के दिन बस का प्रतीक्षा कर रहा था, तभी आरोपी उसके पास आया। उसने पीड़ित को एक छोटा पत्थर दिया और दावा किया कि उसके पास चमत्कारी शक्तियां हैं, जिनसे वह इस पत्थर को रुद्राक्ष में बदल सकता है।
उन्होंने बताया कि यह करतब दिखाने के बहाने, ठग ने पीड़ित को चकमा दिया और उसकी 10 ग्राम सोने की अंगूठी लेकर चंपत गया। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर, पुलिस की एक टीम ने बस अड्डे और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। कई सुरागों पर काम करने के बाद, पुलिस ने आरोपी की पहचान अफजल नवाब मदारी के रूप में की।
वह एक आदतन अपराधी है और नासिक जिले की येवला तहसील के सावरगांव का रहने वाला है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने नासिक स्थित उसके गांव में उसका पता लगाया और सोमवार को उसे हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और अंगूठी बरामद हो गई है।
