रामजस कालेज विवाद: एबीवीपी ने निकाला तिरंगा मार्च

Monday, Feb 27, 2017 - 04:38 PM (IST)

नई दिल्ली: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने दिल्ली विश्वविद्यालय में वामपंथी रूझान वाले छात्रों पर राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए आज यहां नार्थ कैंपस में तिरंगा मार्च निकाला।  एबीवीपी के सैकड़ों छात्रों ने इस दौरान वंदेमातरम के नारे लगाए और विशाल तिरंगा लेकर रामजस कालेज से कला संकाय तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे ‘भारत-विरोधी नारे’ लगाने वाले ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा)के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। एबीवीपी के एक कार्यकर्ता ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में जो कुछ भी हुआ, वह हम रामजस कॉलेज में नहीं होने देंगे।

जेएनयू के छात्र उमर खालिद को पिछले सप्ताह रामजस कॉलेज में एक कार्यक्रम को संबोधित करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन एबीवीपी के विरोध के बाद कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा। इस घटना के एक दिन बाद रामजस कॉलेज के बाहर प्रदर्शन करने आए आइसा के छात्रों की एबीवीपी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प भी हुई थी। उमर खालिद को पिछले साल कथित तौर पर भारत विरोधी नारेबाजी के लिए देशद्रोह के आरोप मेंगिरफ्तार किया गया था। ऐसा माना जा रहा है कि आज का तिरंगा मार्च एबीवीपी के खिलाफ सोशल मीडिया पर हाल में शुरू हुए एक कथित दुष्प्रचार के खिलाफ भी निकाला गया है। 

करगिल युद्ध में शहीद एक सैनिक की बेटी गुरमेहर कौर द्वारा यह आरोप लगाए जाने के बाद कि एबीवीपी का विरोध कर रहे छात्रों के साथ फोटो पोस्ट करने के कारण उसे धमकियां मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर एबीवीपी के खिलाफ कई तरह के पोस्ट किए गए हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने संवाददाताओं से कहा कि उन पर मारपीट का झूठा आरोप लगाया गया है। जैसा मीडिया में दिखाया गया है वैसा कोई हंगामा उन्होंने नहीं किया गया था। वे सिर्फ कॉलेज में राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।  

Advertising