अबू इस्माइल ने रची थी अमरनाथ यात्रियों पर हमले की साजिश

Wednesday, Aug 23, 2017 - 05:39 PM (IST)

नई दिल्लीः अमरनाथ यात्रियों पर हमले की साजिश आतंकी अबू इस्मालइल ने रची थी। सुरक्षा एजेंसियों ने इसका खुलासा किया है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में मुठभेड़ के दौरान मारे गए लश्कर कमांडर अबू दुजाना की जगह अब अबू इस्माइल कमांडर बन गया है। 
पाकिस्तानी मूल का आतंकी लश्कर ए तैयबा का एक्टिव मेंबर है। घाटी में पिछले साल हुई बैंक लूट की चार वारदातों में इस्माइल का नाम सामने आया था। एक वारदात के दौरान वह सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दिय़ा था। अक्टूबर के महीने में कुलगाम में बैंक लूट सहित नवंबर के महीने में बड़गाम बैंक लूट और दिसंबर के महीने में पुलवामा में दो बैंक लूट की घटना में सीधे उसकी भूमिका सामने आई है। 
अबू इस्माइल साउथ कश्मीर के युवाओं में लोकप्रिय है। ये हमेशा अपने साथ 5 लोगों का गिरोह लेकर चलता है। जबकि करीब दो दर्जन से ज्यादा आतंकी छिपकर उसकी मदद करते हैं। अमरनाथ हमले में भी उसने इसी टीम का इस्तेमाल किया था। बाइक सवार अपने ग्रुप के चार लोगों के साथ उसने यात्रियों पर हमला किया था और घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था।
जानकारी के मुताबिक, भागने में स्थानीय लोगों ने भी उसकी मदद की थी। इस वक्त वह भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए मोस्ट वॉन्टेड है। एजेंसियों की जानकारी के अनुसार, अब वो पंपोर इलाके में रहकर आतंकी वारदात को अंजाम दे रहा है। 

Advertising