काबुल में खराब होती सुरक्षा स्थिति, अफगानिस्तान से आज करीब 300 भारतीयों को लाया जा सकता स्वदेश

Sunday, Aug 22, 2021 - 09:58 AM (IST)

नेशनल डेस्क: काबुल में खराब होती सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर वहां से लोगों को निकालने के भारत के अभियान के तहत अफगानिस्तान से रविवार को करीब 300 भारतीय नागरिकों को स्वदेश लाया जा सकता है। इस संबंध में जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने यह बताया। अधिकारियों ने अपना नाम नहीं बताने की बताने की शर्त पर जानकारी दी कि भारतीय वायु सेना के एक विमान के जरिए काबुल से करीब 100 भारतीयों को रविवार को भारत वापस लाए जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि रविवार को कुल 300 लोगों को भारत लाया जा जाएगाा।

तालिबान के पिछले रविवार को काबुल पर कब्जा जमाने के बाद भारत अफगान राजधानी से पहले ही भारतीय राजदूत और दूतावास के अन्य कर्मियों समेत 200 लोगों को वायुसेना के दो सी-19 परिवहन विमानों के जरिए वहां से निकाल चुका है। भारतीय वायुसेना के एक सैन्य परिवहन विमान में 87 भारतीयों को शनिवार को काबुल से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे ले जाया गया और समूह को रविवार तड़के मध्य एशियाई शहर से एयर इंडिया के एक विशेष विमान से दिल्ली वापस लाया गया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि एयर इंडिया के विमान के जरिए दो नेपाली नागरिक भी भारत आ रहे हैं।

 इस बीच, कतर स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि पिछले कुछ दिन में काबुल से दोहा ले जाए गए 135 भारतीयों को भारत भेजा जा रहा है। दूतावास ने आधी रात के बाद ट्वीट किया, ‘‘पिछले कुछ दिनों में काबुल से निकालकर दोहा लाए गए 135 भारतीयों के पहले समूह को आज रात भारत भेजा रहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि काबुल से दोहा लाए गए भारतीय अफगानिस्तान स्थित कई विदेशी कंपनियों के कर्मी हैं।

अमेरिका की मदद से करीब 200 भारतीयों को निकालने के मिशन को अंजाम दिया गया। इन लोगों की वापसी के बाद विदेश मंत्रालय ने कहा था कि अब ध्यान अफगानिस्तान की राजधानी से सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने पर होगा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि सरकार के लिए तात्कालिक प्राथमिकता अफगानिस्तान में फिलहाल रह रहे सभी भारतीय नागरिकों के बारे में सटीक सूचना प्राप्त करना है। मंत्रालय ने भारतीयों के साथ ही उनके नियोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे विशेष अफगानिस्तान प्रकोष्ठ के साथ प्रासंगिक विवरण तत्काल साझा करें।

Seema Sharma

Advertising