IITian बाबा की खुली कुंडली: 24 लड़कियों से बनाए संबंध, मोबाइल में मिले आपत्तिजनक वीडियो... जांच जारी
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 12:58 PM (IST)
Abhishek Mishra: मथुरा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने गोवर्धन इलाके से ऑनलाइन प्रवचन देने वाले अभिषेक मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आरोपी IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है। लेकिन इंजीनियरिंग की डिग्री छोड़कर उसने अध्यात्म की रहा चुनी। अभिषेक पर आरोप है कि उसने धार्मिक मार्गदर्शन के नाम पर कई पढ़ी-लिखी युवतियों को अपने जाल में फंसाया और उनका शारीरिक शोषण किया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज की। पीड़िता का आरोप है कि अभिषेक मिश्रा ने उसे यह विश्वास दिलाया कि उन दोनों का 'गंधर्व विवाह' (प्राचीन काल का एक प्रकार का प्रेम विवाह) हो चुका है। इसी आध्यात्मिक और धार्मिक विश्वास के जाल में फंसाकर उसने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
मथुरा पुलिस, एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 24 से ज्यादा लड़कियां इस आरोपी बाबा के सीधे प्रभाव में थीं। पुलिस ने जब आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया, तो जांच अधिकारियों के होश उड़ गए। फोन में भारी मात्रा में आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो, चैट रिकॉर्ड्स और डिजिटल दस्तावेज मिले हैं। पुलिस अब इस पूरे डेटा की जांच के लिए डिजिटल फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की मदद ले रही है, ताकि यह साफ हो सके कि ये वीडियो कब रिकॉर्ड किए गए थे।
इस पूरे मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि आरोपी के संपर्क में आने वाली अधिकांश युवतियां बेहद पढ़ी-लिखी हैं। इनमें B.Tech, M.Tech और MBA जैसी डिग्रियां हासिल कर चुकीं कामकाजी महिलाएं शामिल हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आखिर एक पढ़ा-लिखा और पेशेवर बैकग्राउंड वाला तबका किस तरह इसके झांसे में आ गया। माना जा रहा है कि अभिषेक का IIT बैकग्राउंड और उसकी बेहद प्रभावशाली Communication Skills के कारण लोग उस पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते थे। अभिषेक मिश्रा इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं के बीच भगवद्गीता और अन्य Religious Topics पर ऑनलाइन प्रवचन देता था। यूट्यूब और फेसबुक पर उसके भजन-कीर्तन और मृदंग बजाते हुए कई वीडियो वायरल हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, करीब 6 महीने पहले भी एक परिवार ने इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। अब पुलिस पुरानी शिकायतों और ताजा इनपुट्स को एक साथ जोड़कर देख रही है। इसके अलावा, छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन युवतियों को भी बरामद किया है, जिनसे पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
