अभिषेक मनु सिंघवी ने 100 करोड़ में खरीदा नया बंगला

Thursday, Apr 05, 2018 - 10:40 AM (IST)

नेशनल डेस्कः कपिल सिब्बल और पी. चिदम्बरम जैसे उच्चकोटि के राजनीतिज्ञों और वकीलों के बाद अब जाने-माने वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने लुटियंस के बंगला जोन में नया बंगला खरीदा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य मनु सिंघवी ने उक्त क्षेत्र के जोड़ बाग इलाके में एक शानदार बंगला खरीदा जिसकी कीमत 100 करोड़ से भी ज्यादा बताई जा रही है। सूत्र बताते हैं कि बंगला नं. 14 का सौदा पिछले महीने ही हुआ है और कागजी कार्रवाई इसी महीने ही पूरी हुई है। सिंघवी इस संबंध में बताने के लिए फोन पर उपलब्ध नहीं हो सके। सिंघवी पिछले कई दशकों से नीति बाग स्थित बंगले में ही रह रहे हैं।

वैसे उनको राज्यसभा सदस्य होने के नाते एल.बी.जैड. इलाके में भी एक बंगला मिला हुआ है परंतु वह अपने निजी घर में ही रहने को पहल देते हैं। यह अभी पता नहीं चल सका कि सिंघवी जोड़ बाग बंगले में शिफ्ट होंगे या नहीं। बताया जा रहा है कि जोड़ बाग और गोल्फ लिंक इलाके पिछले कई वर्षों से वकीलों की पसंद के इलाके बनते जा रहे हैं। सिंघवी जोड़ बाग क्षेत्र में बंगला खरीदने वाले नए वकील बने हैं। इससे पहले यहां अरियम्मा सुंदरम, राजीव नैयर और अन्य उच्चकोटि के वकीलों के बंगले हैं। मुकुल रोहतगी के पास भी जोड़ बाग और गोल्फ लिंक में बंगला है। सिंघवी के पास राजधानी में कई जायदादें हैं।

Punjab Kesari

Advertising