भारत बंद के समर्थन में आईटीओ चौराहे पर ''आप'' करेगी प्रदर्शन

Monday, Dec 07, 2020 - 09:50 PM (IST)

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के कृषि मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि वह किसानों के आठ दिसंबर के भारत बंद का पूरी तरह से समर्थन करते हैं और उनकी पार्टी किसानों के समर्थन में कल सुबह 11 बजे आईटीओ चौराहे पर शांतिपूर्वक प्रदर्शन करेगी। 

गोपाल राय ने दिल्लीवासियों के साथ ही देश के लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी लोग किसानों के भारत बंद में एकजुटता के साथ कल अपने हिस्से का समर्थन दिखाएं, क्योंकि किसान हमारे लिए अन्न उगाता है। हमारी जिंदगी किसानों की वजह से चलती है। 

उन्होंने कहा कि आज देश का किसान संकट में है और इस समय कड़ाके की ठंड में सड़क पर भूखे-प्यासे अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उसके हक और न्याय के लिए हम शांतिपूर्वक तरीके से उनकी आवाज को बुलंद करें। यह किसानों के लिए एक मानसिक समर्थन होगा। केंद्र सरकार इस पर जल्द से जल्द निर्णय लें, जिससे इस गतिरोध को खत्म किया जाए। किसान खुशहाल होगा, तो देश खुशहाल होगा।
 

Pardeep

Advertising