AAP का कांग्रेस को झटका, 2019 में अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान

Thursday, Jan 03, 2019 - 04:30 PM (IST)

नेशनल डेस्क: लोकसभा चुनाव से पहले मोदी सरकार ​के खिलाफ विपक्षी एकजुटता के प्रयास में जुटे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को बड़ा झटका लगा है। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी महागठबंधन में शामिल होने से इनकार कर दिया है। 


एक नीजि चैनल से बातचीत के दौरान आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली, पंजाब, गोवा और हरियाणा में उनकी पार्टी काफी मजबूत है। पार्टी को किसी की मदद की जरूरत नहीं है वह अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का भविष्य में भी किसी से गठबंधन करने का कोई इरादा नहीं है। 


पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय के मुताबिक राष्ट्रीय परिषद में फैसला हुआ था कि आप दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गोआ व चंडीगढ़ की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए 15 फरवरी तक सभी राज्यों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने माना कि आप अभी अपने स्तर पर तैयारियां कर रही है। गठबंधन होने की सूरत में आप अपनी रणनीति में थोड़ा फेरबदल कर सकती है। 


दरअसल आप और कांग्रेस के बीच दिल्ली और पंजाब में सीधा टकराव रहा है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस का स्थानीय नेतृत्व आप के साथ गठबंधन नहीं चाहता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कांग्रेस और आप का जनाधार लगभग समान माना जा रहा है। 2013 में दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद आप और कांग्रेस का वोट शेयर ऊपर नीचे हुआ है लेकिन भाजपा का समान बना हुआ है।
 

vasudha

Advertising