मिशन 2019-राहुल को मना-मना कर थक गए, अब AAP अकेले लड़ेगी लोकसभा चुनाव: केजरीवाल

Thursday, Feb 21, 2019 - 10:57 AM (IST)

नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी जहां एक तरफ दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर जद्दोजहद कर रही है वहीं राहुल गांधी अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम लोग तो मना-मना कर थक गए लेकिन कांग्रेस गठबंधन में कोई रूचि नहीं ले रही है इसलिए अब आप राजधानी में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। केजरीवाल ने कहा कि भाजपा को फिर से सत्ता में आने से रोकने के लिए हम कांग्रेस का साथ चाहते थे लेकिन बात नहीं बनी। दिल्ली कांग्रेस की कमान पूर्व सीएम शीला दीक्षित के हाथों में आने के बाद पार्टी एकल चलो की नीति पर काम कर रही है।

वहीं गठबंधन की बात नहीं बनने के बाद केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में आप को कमजोर कर रही है जिसका फायदा सीधा भाजपा को होगा। जामा मस्जिद में रैली के दौरान केजरीवाल ने कहा कि अब कांग्रेस साथ आए या न आए आम आदमी पार्टी अकेले ही लोकसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देगी और उसे हराएंगे भी। उल्लेखनीय है कि केजरीवाल और राहुल के मंच साझा करने के बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन हो सकता है। हालांकि केजरीवाल ने पिछले महीने इन अटकलों पर विराम लगाया था और बताया था कि आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन के लिए राहुल गांधी ही तैयार नहीं हुए है।

Seema Sharma

Advertising