AAP का 20 राज्यों में राष्ट्र निर्माण अभियान आज से, जारी किया मोबाइल नंबर

Sunday, Feb 23, 2020 - 12:14 PM (IST)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) देश के 20 राज्यों में रविवार से राष्ट्र निर्माण अभियान की शुरुआत करेगी। AAP के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने पार्टी मुख्यालय में शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि पार्टी देश के 20 राज्यों में राष्ट्र निर्माण अभियान की शुरुआत रविवार से करेगी। राय ने कहा कि राष्ट्र निर्माण अभियान से जुड़ने के लिए फोन नंबर 9871010101 पर मिस्ड कॉल करके जुड़ सकते है। उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव में जनता ने पार्टी को तीन संदेश दिए। पहला, जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति की जगह काम की राजनीति से भी चुनाव जीता जा सकता है।

दूसरा, जनता ने भड़काऊ भाषण और राजनीति को नकारात्मकता की राह पर ले जाने की कोशिश को नकार दिया। तीसरा, दिल्ली केवल एक राज्य नहीं है बल्कि दिल्ली ‘मिनी इंडिया' है। यहां देश भर के अलग-अलग राज्यों से आकर लोग रहते हैं। जनता ने आम आदमी पार्टी को बहुमत दिया है, उससे एक नए राष्ट्र के निर्माण का मॉडल, एक गुड गवर्नेंस का मॉडल भी खड़ा हुआ है। पार्टी स्थानीय लोगों तक पहुंच बनाने के लिए विभिन्न राज्यों में अलग-अलग भाषाओं में पोस्टर तैयार करवा रही है। पार्टी ने सभी 20 राज्यों में कॉडिर्नेटर नियुक्त किए हैं। यह अभियान 23 मार्च तक चलाया जाएगा।

Seema Sharma

Advertising