भारत माता और देश के जवानों को मोदी सरकार ने धोखा दिया: संजय सिंह

Friday, Sep 28, 2018 - 02:52 PM (IST)

नई दिल्ली: आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने मोदी सरकार पर लड़ाकू विमान राफेल की खरीद के मामले में हजारों करोड़ रुपये की दलाली का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने भारत माता और सेना के जवानों को धोखा दिया है। सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने एक वीडियो संदेश में लड़ाकू विमान राफेल से सेना को वंचित रखने की पाकिस्तान की साजिश में विपक्ष के हिस्सेदार बनने के भाजपा के आरोप को गलत बताते हुए कहा है कि हर कोई चाहता है कि सेना को राफेल विमान मिले लेकिन ऐसा विमान मिले जिसकी खरीद में दलाली न खाई गई हो।

 भाजपा के आरोप को आप सांसद ने बताया गलत
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री को बताना होगा कि 36000 करोड़ रुपए के घोटोले में किसे कितनी दलाली मिली। दलाली की छूट हिंदुस्तान के रक्षा सौदे में किसी को नहीं दी जा सकती है।’’ इस मामले में विपक्षी दलों के पाकिस्तान के साथ मिले होने के भाजपा के आरोप को आप सांसद ने गलत बताते हुए कहा कि सत्तापक्ष रक्षा खरीद घोटाले में हुए व्यापक भ्रष्टाचार के वास्तविक मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए यह दलील दे रहा है। उन्होंने कहा ‘‘भाजपाई कह रहे हैं कि पाकिस्तान नहीं चाहता है कि भारत में राफेल लड़ाकू विमान आये और विपक्ष भी पाकिस्तान की इस इच्छा के साथ है। 

 सीमा पर जवान पाकिस्तान का मजबूती से कर रहे हैं मुकाबला
सिंह ने कहा ‘‘हम सब चाहते है कि भारत में 36 नहीं बल्कि 126 राफेल विमान आयें लेकिन मोदी और उनके मित्र अंबानी भारत माता की रक्षा के नाम पर दलाली न खाएं।’’  उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान पाकिस्तान का मजबूती से मुकाबला कर रहे हैं। लेकिन जवानों के नाम पर किसी को दलाली करने की छूट नहीं दी जा सकती है।      

Anil dev

Advertising