आम आदमी पार्टी के विधायक भी भाजपा में शामिल होंगें
punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 09:02 PM (IST)
चंडीगढ़,24अप्रैल:(अर्चना सेठी)शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज कहा है कि आम आदमी पार्टी ( आप) से सात राज्यभा सांसदों का भाजपा में जाना काफी लंबे समय से अपेक्षित था और कहा कि आप पार्टी से बड़ी संख्या में विधायक भी भाजपा में जल्द ही शामिल होंगें।
यहां एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ अकाली नेता ने कहा ,‘‘आम आदमी पार्टी व्यवस्था बदलने के वादे पर सत्ता में आई थी, लेकिन खुद भ्रष्टाचार और घोटालों में फंस चुकी है। उन्होने कहा कि पहले तो आप पार्टी के संस्थापक सदस्यों ने पार्टी छोड़ी, अब आप पार्टी के पंजाब में सूत्रधार नेता संदीप पाठक और राघव चडढ़ा और उनके साथ अन्य सांसदों ने भी पार्टी छोड़ दी है।’’
बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी के विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होने कहा,‘‘ इसकी शुरूआत जालंधर और लुधियाना से होगी और ऐसी स्थिति बन सकती है कि आप पार्टी अल्पमत सरकार बनकर गिर सकती है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान भी अपनी गलत तरीके से अर्जित की हुई संपत्ति को बचाने के लिए भाजपा में शामिल हो सकते हैं, जिसमें उनकी वह संपत्ति भी शामिल है, जिसे वह आॅस्ट्रेलिया में स्थानांतरित कर चुके हैं।’’
मजीठिया ने कहा कि इस स्थिति के लिए आम आदमी पार्टी खुद जिम्मेदार है। उन्होने सवाल किया कि मुख्यमंत्री ने राज्यसभा की सीटें बाहरी लोगों को क्यों दी?
