Rain: देशभर के 20 राज्यों में बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट... अगले 5 दिन कड़ाके की ठंड के लिए रहे तैयार

punjabkesari.in Sunday, Feb 02, 2025 - 08:53 AM (IST)

नेशनल डेस्क: देशभर में मौसम तेजी से बदल रहा है। दिल्ली-NCR में सुबह और शाम के समय कोहरा बढ़ने लगा है, जबकि कई राज्यों में अब भी घना कोहरा छाया हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 3 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की भविष्यवाणी की है, जिसके चलते देशभर के 20 राज्यों में बारिश और घना कोहरा छाने की संभावना है।

IMD के अनुसार, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, उत्तर पश्चिमी राज्यों में 7 फरवरी तक तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ने की उम्मीद है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन सुबह और शाम को ठंडक बनी रहेगी।

दिल्ली-NCR में 3 और 4 फरवरी को हल्की बारिश होने की संभावना है और आसमान में बादल छाए रहेंगे। आइए जानते हैं कि अगले 5 दिनों तक देशभर में मौसम कैसा रहेगा।

किन राज्यों में होगी बारिश?

IMD के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जो समुद्र तल से 3.1 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है। इसी तरह, पूर्वी राजस्थान पर भी एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है।

3 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से –

  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
  • 3 से 5 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में छिटपुट से हल्की बारिश की संभावना है।
  • हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 और 4 फरवरी को बारिश हो सकती है।
  • राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 3 से 5 फरवरी के बीच बारिश होने की उम्मीद है।
  • लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

किन राज्यों में कोहरा छाएगा?

पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई राज्यों में सुबह और शाम को घना कोहरा देखने को मिलेगा। IMD ने इन राज्यों के लिए कोहरे का अलर्ट जारी किया है –

  • पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश
  • गांगेय पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा
  • असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा
  • उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम

दिल्ली-NCR में भी हल्का कोहरा छाने से सुबह और शाम ठंडक महसूस होगी, जबकि दिन में धूप खिलने से मौसम थोड़ा गर्म रहेगा।

दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?

बीते दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.2°C और न्यूनतम तापमान 10.2°C दर्ज किया गया। IMD के अनुसार, 7 फरवरी तक सुबह-शाम ठंडक और दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी।

  • 3 और 4 फरवरी को दिल्ली-NCR में हल्की बारिश हो सकती है।
  • इन दिनों अधिकतम तापमान 24 से 27°C और न्यूनतम तापमान 10 से 12°C के बीच बना रहेगा।
  • न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक और अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
  • हल्की ठंडी हवाएं भी चलेंगी, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बनी रहेगी।

अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत में बारिश, बर्फबारी और कोहरे का असर बना रहेगा। दिल्ली-NCR में कोहरा, ठंडी हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिलेगी। 7 फरवरी तक सुबह-शाम ठंड और दिन में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News