आधार नंबर देकर मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं ‘नक्शे’

Monday, Apr 10, 2017 - 05:27 PM (IST)

नई दिल्ली: सरकार ने भारतीय नागरिकों को आज करीब 3000 भौगोलिक नक्शों को नि:शुल्क डाउनलोड के लिए उपलब्ध करा दिया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. हर्षवद्र्धन ने राष्ट्रीय सर्वेक्षण दिवस पर ‘यूजर्स पर्सपेक्टिव ऑन जिओस्पेशियल पॉलिसी फ्रेमवर्क इन इंडिया’ विषय पर यहां आयोजित सम्मेलन में ‘नक्शे पोर्टल एप्प’ का उद्घाटन किया। इस पोर्टल पर अपना आधार नंबर देकर कोई भी व्यक्ति सर्वे ऑफ इंडिया द्वारा तैयार मानचित्र डाउनलोड कर सकता है। फिलहाल वेबसाइट पर 3000 मानचित्र उपलब्ध हैं, जबकि 1,300 अन्य मानचित्रों को धीरे-धीरे 4-5 महीने में अपलोड कर दिया जाएगा।  

करीब 5000 नक्शे होंगे उपलब्ध 
भारत के महासर्वेक्षण डॉ. स्वर्ण सुब्बाराव ने बताया कि अन्य 700 नक्शे गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इस प्रकार करीब 5000 नक्शे इस पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। ये सभी नक्शे अद्यतन हैं। फिलहाल इन नक्शों के साथ विवरण सिर्फ अंग्रेजी में है जिसे अन्य भाषाओं में भी प्रस्तुत करने की तैयारी है।  डॉ. हर्षवद्र्धन ने कहा कि जो नक्शे लोगों के कर के पैसे से तैयार किए गए हैं, उन्हें आम लोगों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराना ही उचित है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. आशुतोष शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय जिओस्पेशियल नीति तैयार की जा रही है और 2-3 महीने में इसका प्रारूप सभी संबद्ध पक्षों की टिप्पणियों एवं सुझावों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार आंकड़ों और मानचित्रों में खुलेपन के पक्ष में है, लेकिन नीति में सुरक्षा जरूरतों का भी ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि नीति ऐसी बनाई जाएगी जो कम से कम अगले 20 साल तक प्रासंगिक हो।  

Advertising