मोदी सरकार की अफसर ने माना, लीक होती हैं आधार की जानकारियां

Saturday, Apr 01, 2017 - 04:11 PM (IST)

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की आधार की जानकारी लीक होने के बाद आखिरकार मोदी सरकार ने यह मान ही लिया कि आधार से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां लीक हुई हैं। इलैक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की अधिकारी अर्चना दुरेजा की ओर से लिखे एक पत्र में इस बात की पुष्टि हुई है, जिसमें कहा गया कि आधार की जानकारी ऑनलाइन लीक हुई है। इस घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले आधार डाटा की सुरक्षा को लेकर हो रही आलोचना और चेतावनी को सरकार ने नजरअंदाज कर दिया था। साथ ही लोगों से आधार कार्ड बनवाने और इसको सरकारी योजनाओं से जोड़ने को कहा था। 

यह घटना सरकार के उन खोखले दावाें की पोल खोलती है, जिसमें सरकार दावा करती आ रही है कि आधार डाटा पूरी तरह सुरक्षित हैं। अर्चना दुरेजा का कहना है कि आधार डाटा लीक का मामला बेहद गंभीर है। आधार एक्ट 2016 के अनुसार इस तरह की जानकारी लीक करने पर 3 साल तक की सजा का प्रावधान है। मामले के दोषी को क्षतिपूर्ति के भुगतान का उत्तरदायी भी ठहराया जा सकता है। ऐसे में आधार की जानकारी लीक करने वाली कंपनी या पक्ष को पीड़ित पक्ष (जिनकी जानकारी लीक हुई) को मुआवजा देना होगा।

Advertising