‘भगवान को बलि चाहिए’… युवक ने एक महीने की बच्ची को जमीन पर पटका

punjabkesari.in Sunday, Jun 07, 2026 - 07:56 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में एक माह की मासूम बच्ची का बलि देने जैसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है। सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा गांव की वनवासी बस्ती में शनिवार रात एक माह की बच्ची को उसके दादा की गोद से छीनकर पड़ोसी विकास यादव ने दो बार जमीन पर पटक दिया।

गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। आरोपी ने बच्ची को बलि देने की नियत से जान से मारने का प्रयास किया। घटना की जानकारी बस्ती और आसपास के इलाके में फैलते ही स्थानीय लोगों ने अकथा चौराहे को जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया और आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बच्ची की दादी के अनुसार, बच्ची का जन्म 7 मई को हुआ था। शनिवार देर शाम बच्ची के दादा पप्पू उसे लेकर टहल रहे थे।

इसी दौरान पड़ोसी विकास यादव वहां पहुंचा और बच्ची को छीनकर दो बार जमीन पर पटक दिया। बच्ची के पिता राजेश मूर्ति बनाने का काम करते हैं। पूछताछ में आरोपी विकास यादव ने बताया कि उसने बलि देने की नियत से यह घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके माता-पिता से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है कि उसने ऐसा क्यों किया या किसी के कहने पर किया था। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News