खौफनाक! जादू-टोना करने का आरोप, 'डायन' कहकर मां और उसके एक साल के बच्चे को जिंदा जलाया

punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 09:56 PM (IST)

नेशनल डेस्कः झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में 'डायन' करार देते हुए 32 वर्षीय एक महिला और उसके एक वर्षीय बच्चे को कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर रात हुई इस घटना में महिला का पति भी घायल हो गया, लेकिन वह किसी तरह जान बचा कर भाग निकला। पुलिस ने इस संबंध में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद महिला का पति रात में अपने रिश्तेदार के पास रूका और अगली सुबह यानी बुधवार को पुलिस को हमले के बारे में सूचित किया। महिला के पति ने अपनी शिकायत में यह आरोप लगाया है कि आधी रात को कुछ लोगों द्वारा उसे और उसकी पत्नी को पुकारने की आवाज सुनकर उसकी नींद खुली।

शिकायत के अनुसार, जब वह बाहर निकला तो उसने देखा कि करीब एक दर्जन लोग जमा थे और उसकी पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगा रहे थे। हंगामे के बीच, भीड़ ने उसकी पत्नी पर केरोसिन डाला और उसे आग लगा दी। इस दौरान महिला की गोद में उसका एक साल का बच्चा भी था। पुलिस ने बताया कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) राफेल मुर्मू ने मीडिया को बताया, "पति द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे कुमारडुंगी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमने शिकायत में नामजद चार पुरुषों को गिरफ्तार कर लिया है। हम उन महिलाओं की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने अंधविश्वास के चलते इस अपराध में हिस्सा लिया।" पुलिस ने बताया कि उसी गांव में रहने वाले पति के एक रिश्तेदार की लंबी बीमारी के बाद मंगलवार को मौत हो गई थी जिसके लिए उन्होंने उसकी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया था। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। भाषा प्रचेता मनीषा

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News