एक पत्नी के दो पती... चौराहे पर दोनों भिड़े, फिर जो हुआ आपके भी उड़ जाएंगे होश
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 07:23 PM (IST)
नेशनल डेस्क : बिजनौर के सबसे व्यस्त इलाके नगर पालिका चौक पर शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला को लेकर दो युवकों के बीच सड़क पर खुलेआम भिड़ंत हो गई। मामूली बहस से शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में मारपीट में बदल गया। लात-घूंसे और बेल्ट चलने की इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसे लोग एक अजीब रिश्ते के विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला एक युवक के साथ बाइक से चौक पर पहुंची थी। इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार दो युवक वहां आ गए। उनमें से एक ने महिला को अपनी पत्नी बताते हुए विरोध जताया और उसके साथ मौजूद युवक से सवाल-जवाब करने लगा। देखते ही देखते बात बढ़ गई और दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
कुछ ही देर में गाली-गलौज के बाद दोनों युवक एक-दूसरे पर टूट पड़े। किसी ने बेल्ट से हमला किया तो किसी ने मुक्कों और लातों का सहारा लिया। सड़क के बीच इस झगड़े को देखकर राहगीर रुक गए और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक हालात काबू में नहीं आए।
मामले को और उलझा देने वाला पहलू महिला के कथित बयान को लेकर सामने आया। एक युवक दावा कर रहा था कि महिला उसकी पत्नी है और दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है, हालांकि तलाक नहीं हुआ है। वहीं महिला ने जिस युवक के साथ वह आई थी, उसे भी अपना पति बताया। इस दावे ने वहां मौजूद लोगों को भी चौंका दिया।
बताया जा रहा है कि झगड़ा इतना बढ़ गया था कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर एक-दूसरे से मारपीट करते रहे। किसी राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद शहर में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। काफी देर बाद स्थानीय लोगों के समझाने पर मामला शांत हुआ और दोनों युवक मौके से चले गए। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है।
