15 की उम्र में मां बनी और 18 में दुल्हन, अनोखी लव स्टोरी हैं इस लड़की की

Thursday, Oct 26, 2017 - 01:38 PM (IST)

धौलपुर(राजस्थान): राजस्थान में एक अनोखी लव स्टोरी सामने आई है जिसमें लड़की मां बनने के बाद दुल्हन बनी और 4 साल बाद उसे अपना प्यार हासिल हुआ। 2014 में धोलपुर की रहने वाली लड़की को भरतपुर के युवक से प्यार हो गया। उस समय अनु की उम्र 15 साल की थी और सचिन 19 का था। दोनों ने शादी करने की ठानी लेकिन घरवाले इस रिश्ते को मंजूरी देने के लिए तैयार नहीं थे। अनु के घरवालों ने उसकी दूसरी जगह शादी करने की तैयारी कर ली लेकिन एक-दूसरे का साथ जीने-मरने की कसमें खाने वाला जोड़ा किसी भी सूरत में अलग नहीं होना चाहता था। ऐसे में उन्होंने घर से भागकर शादी करने की सोची।

दोनों घर से भाग गए कही छुपकर रहे लेकिन उधर अनु के पिता ने सचिन के खिलाफ लड़के के अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज करवा दिया। आखिर दोनों को उत्तर प्रदेश के इटावा से पकड़ा गया। पुलिस ने लड़के को जेल भेज दिया। लड़की तब सात महीने की गर्भवती थी, उसने अपने परिजनों के साथ जाने से इंकार कर दिया तो उसे बालिका गृह में रखा गया। वहीं उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसी साल 16 अक्तूबर को अनु बालिग हुई है।

दूसरी तरफ सचिन भी अब जमानत पर जेल से बाहर आया है लेकिन दोनों का प्यार आज भी वैसा का वैसा ही है। ऐसे में दोनों की ढाई साल की बच्ची के भविष्य को देखते हुए बाल कल्याण समिति धौलपुर ओर भरतपुर के सहयोग से इस प्रेमी जोड़े की शादी करवा दी गई। बाल कल्याण समिति धौलपुर के अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह परमार के मुताबिक आर्य समाज के माध्यम से विवाह की रस्में करवाई गईं और शादी का सर्टिफिकेट भी दिया गया।

बाल कल्याण समिति भरतपुर और धौलपुर के पदाधिकारी बाराती और घराती बनकर कार्यक्रम में उपस्थित रहे और अनु को विदा किया गया। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष ने कहा कि मासूम बच्ची को माता-पिता दोनों का प्यार मिले इसलिए अनु और सचिन की शादी करवाना जरूरी था।

Advertising