डिंडोरी में हुआ भीषण हादसा, वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत, 20 घायल

Thursday, Feb 29, 2024 - 09:46 AM (IST)

नेशनल डेस्क: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे बड़झर घाट के पास हुई। उन्होंने बताया कि वाहन चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन पलट गया और इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई।

वाहन सवार लोग जिले के शाहपुरा ब्लॉक के अमहाई देवरी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही डिंडोरी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और उन्होंने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि के तौर पर देने की घोषणा की। 

डेढ़ घंटे तक तड़पते रहे घायल
दुर्घटना के बाद रात में पुलिस तक इसकी जानकारी देर से पहुंची, इसी के चलते लगभग डेढ़ घंटे घायल लोग मौके पर ही तड़पते रहे। लगभग 4 बजे सुबह घायलों को 108 वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा लाया गया। 20 घायलों में एक की हालत ज्यादा गंभीर होने से उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है। 

CM मोहन यादव ने जताया शोक
हादसे के बाद मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वाहन दुर्घटना में कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। घटना में मुख्यमंत्री द्वारा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के साथ घायलों का समुचित इलाज करने के निर्देश दिए हैं।

Mahima

Advertising