ऑटो ड्राइवर की बहादुरी से एक और निर्भया बनने से बची लड़की

Saturday, Aug 12, 2017 - 02:19 PM (IST)

बेंगलुरु: बेंगलुरु में एक ऑटो ड्राइवर ने बहादुरी दिखाते हुए एक लड़की को गैंगरेप का शिकार होने से बचा लिया। दरअसल शुक्रवार रात करीब 1 बजे यशवंतपुर स्टेशन के पास ऑटो ड्राइवर असगर पाशा ने देखा कि कुछ लोग नशे की हालत में एक युवती को जबरदस्ती घसीटकर ले जा रहे हैं। उसने तुरंत अपने तीन साथियों को मदद के लिए बुलाया और साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दी। जब तक उसके साथी और पुलिस आई तब तक वह लोग लड़की को लेकर जा चुके थे। साथियों की मदद से पाशा ने युवती की तालाश शुरू की, कुछ देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और अलग-अलग टीमें बनाकर लड़की की तालाश करने लगे।

ऑटो ड्राइवर को किया सम्मानित
लड़की को स्टेशन के पास ही बने एक गोदाम से बरामद कर लिया गया। इस घटना में 3 लोगों के गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यारोपी फयाज एक ऑटो ड्राइवर है। पुलिस का कहना है कि आरोपियो की मंशा युवती से गैंगरेप करने की थी। इसी उद्देश्य से फयाज लड़की को घसीटकर गोदाम में ले गया था। लड़की को बचाने वाले असगर पाशा ने बताया कि मैं तीनों आरोपियों को जानता हूं। देर रात मैं अपने ऑटो पर बैठा था, तभी मैंने देखा कि 2 लोग पीड़िता के रिश्तेदार के पीट रहे हैं और मुख्यारोपी लड़की को जबरदस्ती घसीटकर ले जा रहा है। तभी मैंने लड़की को बचाने का फैसला किया। शहर के पुलिस कमिश्नर टी. सुनील कुमार ने पाशा को सम्मानित किया। 

Advertising