बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गूंजी किलकारी, सफर के बीच महिला ने दिया बच्चे को जन्म
punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 05:54 AM (IST)
नेशनल डेस्क: दिल्ली से दरभंगा जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गुरुवार (23 जुलाई) की रात एक सुखद लेकिन चुनौतीपूर्ण घटना घटी, जब एक महिला ने चलती ट्रेन में ही नवजात को जन्म दिया। यात्रियों की मानवीय संवेदनशीलता और रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
महिला यात्रियों ने कराया प्रसव
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के मधुबनी का रहने वाला एक परिवार दिल्ली से दरभंगा की यात्रा कर रहा था। ट्रेन के स्लीपर कोच संख्या-4 में सफर के दौरान रात करीब 9 बजे महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। स्थिति को भांपते हुए ट्रेन में मौजूद अन्य महिला यात्रियों ने मोर्चा संभाला और तत्काल मदद के लिए आगे आईं। रात करीब 10:26 बजे, जब ट्रेन बादशाहनगर और गोंडा जंक्शन के बीच थी, महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया।
गोंडा स्टेशन पर अलर्ट मोड में रहा प्रशासन
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और रेलवे प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया। रात 11:10 बजे ट्रेन के गोंडा जंक्शन पहुंचने से पहले ही रेलवे की मेडिकल टीम स्टेशन पर तैनात कर दी गई थी। डॉक्टरों ने तत्काल कोच में पहुंचकर मां और बच्चे की जांच की।
20 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि नवजात सामान्य रूप से रो नहीं रहा था, जिसे देखते हुए उन्होंने आगे की यात्रा को जोखिम भरा बताया और अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी। रेलवे प्रशासन ने मानवीय आधार पर तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को करीब 20 मिनट तक गोंडा स्टेशन पर रोके रखा ताकि सभी औपचारिकताएं पूरी की जा सकें।
जिला अस्पताल में भर्ती
एंबुलेंस की व्यवस्था कर जच्चा, नवजात और उनके परिवार को सुरक्षित गोंडा जिला अस्पताल भेज दिया गया है। रेलवे अधिकारियों, जीआरपी और साथी यात्रियों की इस त्वरित प्रतिक्रिया की हर तरफ सराहना हो रही है, जिससे समय रहते मां और बच्चे को जरूरी चिकित्सीय सहायता मिल सकी
