पश्चिम बंगाल: TMC कार्यालय में विस्फोट, 2 लोगों की मौत व कई घायल

Thursday, Aug 23, 2018 - 02:31 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल में पश्चिम मेदिनीपुर के नारायणगढ़ में वीरवार तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में देसी बम फटने से कम से कम एक कार्यकर्ता की मौत हो गयी और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। एक अपुष्ट सूत्र ने विस्फोट में मरने वालों की संख्या दो बतायी है।  

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह लगभग नौ बजे विस्फोट की आवाज सुनाई दी और उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों को गंभीर रूप से घायल छह पार्टी कार्यकर्ताओं को मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाते हुए देखा जहां डॉक्टरों ने एक कार्यकर्ता को मृत घोषित कर दिया था। घायलों में से दो को कोलकाता के एक अस्पताल भेजा गया है। 


नारायणगढ़ थाने से पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया है और जांच शुरू कर दी गयी है। मोकरमपुर स्थित एक मंजिला पार्टी कार्यालय विस्फोट से धराशायी हो गया है। पुलिस ने घटनास्थल को चारों ओर से घेर लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि देसी बम पार्टी कार्यालय में रखा हुआ था। सुबह नौ बजे कुछ पार्टी कार्यकर्ता जब कार्यालय में थे तभी यह विस्फोट हुआ। तृणमूल जिला अध्यक्ष अजीत मैती ने रिपोर्ट में बताया कि गैस सिलेंडर फटने से विस्फोट हुआ है। 
 

vasudha

Advertising