8th Pay Commission से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को मिल सकता है बड़ा तोहफा, जुलाई से DA बढ़ने के संकेत
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 08:35 AM (IST)
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग को लेकर देशभर के लाखों केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स लगातार इंतजार कर रहे हैं। हालांकि आयोग की सिफारिशें कब लागू होंगी और कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। लेकिन इस बीच कर्मचारियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। ताजा महंगाई आंकड़ों के आधार पर यह संभावना जताई जा रही है कि केंद्र सरकार जुलाई 2026 से महंगाई भत्ते (Dearness Allowance-DA) में बढ़ोतरी कर सकती है। यदि ऐसा होता है तो कर्मचारियों को वेतन आयोग लागू होने से पहले ही अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिल सकता है।
महंगाई के आंकड़ों से बढ़ी उम्मीद
महंगाई भत्ते की गणना के लिए इस्तेमाल होने वाला अखिल भारतीय उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) अप्रैल 2026 में बढ़कर 149.9 पर पहुंच गया है, जबकि मार्च में यह 149.1 था। इसी अवधि में Industrial workers के लिए खुदरा महंगाई दर भी बढ़कर 4.46 प्रतिशत हो गई है। इन आंकड़ों को देखते हुए विशेषज्ञों का मानना है कि महंगाई भत्ते में अगली बढ़ोतरी की संभावना मजबूत हुई है।
कितना बढ़ सकता है DA?
वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। अप्रैल 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह बढ़कर लगभग 63 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। यदि सरकार इस अनुमान को मंजूरी देती है, तो कर्मचारियों को 3 प्रतिशत अतिरिक्त डीए का लाभ मिल सकता है। हालांकि अंतिम फैसला मई और जून के महंगाई आंकड़ों तथा केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही होगा।
8th Pay Commission से कर्मचारियों की बड़ी उम्मीदें
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की जेब पर दबाव बढ़ाया है। ऐसे में केवल DA बढ़ाना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि वेतन संरचना में भी बड़ा सुधार जरूरी है। इसी वजह से विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने 8th Pay Commission के सामने कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। इनमें High Fitment Factor लागू करना, न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी, महंगाई भत्ते को मूल वेतन में शामिल करना और पेंशन व्यवस्था को और मजबूत बनाना शामिल है। कुछ कर्मचारी यूनियनों ने 3.83 फिटमेंट फैक्टर लागू करने का सुझाव भी दिया है, जिससे कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में बड़ा इजाफा हो सकता है।
आयोग ने बढ़ाई समय सीमा
8th Pay Commission ने विभिन्न संगठनों और हितधारकों से सुझाव एवं ज्ञापन प्राप्त करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 15 जून 2026 कर दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रस्ताव केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। Email, hard copy, PDF या अन्य किसी माध्यम से भेजे गए दस्तावेजों पर विचार नहीं किया जाएगा।
कर्मचारियों की नजर अगले फैसले पर
फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की निगाहें सरकार के आगामी डीए फैसले और 8th Pay Commission की सिफारिशों पर टिकी हुई हैं। यदि जुलाई में DA बढ़ोतरी की घोषणा होती है, तो यह लाखों कर्मचारियों के लिए वेतन आयोग लागू होने से पहले बड़ी राहत साबित हो सकती है।
