85 वर्षीय महिला को निर्वस्त्र कर गरम सलाखों से दागा!

Wednesday, Oct 14, 2015 - 05:23 PM (IST)

जयपुर: राजस्थान में पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ एक बुजुर्ग महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट करने और उसे निर्वस्त्र करने का मामला दर्ज किया है। 

जानकारी के मुताबिक, 85 वर्षीय यह महिला दो लड़कियों की मां है। गांव के करीब 15 लोग रात को  एक ओझा के साथ उसके घर आए और उसे बालों से पकड़ते हुए बरामदे में ले गए। फिर इन लोगों ने उसके शरीर पर शराब डाली और निर्वस्त्र कर गरम सलाखों से दागा। इसके बाद उसे एक नाली में डाल दिया गया।

भीलवाडा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गांव में भारती नाम की एक 20 वर्षीय युवती ने एक बुजुर्ग महिला को कथित डायन बताया था। उन्होंने बताया कि भारती को संदेह था कि बुजुर्ग महिला ने उसके ऊपर काला जादू कर दिया है।   

उन्होंने बताया कि युवती के आरोप के बाद कुछ ग्रामीणों ने महिला के साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और आरोप लगाने वाली युवती भारती को आज गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अन्य लोगो के शामिल होने की जांच की जा रही है। 
 

Advertising