पंजाब में हर दिन 8 महिलाओं की कैंसर से मौत: संसद में बलबीर सिंह सीचेवाल ने उठाया मुद्दा
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 01:40 AM (IST)
नेशनल डेस्कः पंजाब में कैंसर से महिलाओं की बढ़ती मौतों को लेकर राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने संसद में गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में औसतन हर दिन 8 महिलाओं की कैंसर से मौत हो रही है। उन्होंने इस मुद्दे को राज्य के अस्तित्व से जुड़ा मामला बताया।
संसद में स्पेशल मेंशन के जरिए उठाया सवाल
शुक्रवार को राज्यसभा में स्पेशल मेंशन के माध्यम से सीचेवाल ने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में महिलाओं के बीच कैंसर से होने वाली मौतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा पेश किए गए ताजा आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि सिर्फ साल 2025 में ही पंजाब में लगभग 2,700 महिलाओं की कैंसर से मौत हो चुकी है।
2021 से 2025 तक 13,299 महिलाओं की मौत
सीचेवाल ने बताया कि 2021 से 2025 के बीच पंजाब में कुल 13,299 महिलाओं की कैंसर से मृत्यु हुई। आंकड़ों के अनुसार स्तन कैंसर (Breast Cancer) से सबसे ज्यादा 7,186 महिलाओं की मौत हुई। गर्भाशय कैंसर (Uterine Cancer) से 3,502 महिलाओं की जान गई।वहीं अंडाशय कैंसर (Ovarian Cancer) से 2,611 महिलाओं की मौत दर्ज की गई। उन्होंने यह भी कहा कि 50 से 56 वर्ष की उम्र की महिलाओं में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
प्रदूषण और जहरीले पानी को बताया बड़ा कारण
सीचेवाल ने कहा कि कैंसर के बढ़ते मामलों के पीछे पर्यावरण प्रदूषण एक बड़ी वजह है, खासकर दूषित पानी। उन्होंने यह भी बताया कि खेती में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अत्यधिक इस्तेमाल लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डाल रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पहले डीडीटी जैसे रसायनों पर तब प्रतिबंध लगाया गया था, जब इनके अंश मां के दूध में पाए गए थे। इससे यह साबित होता है कि जहरीले रसायन सीधे मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं।
मुफ्त इलाज और सब्सिडी की मांग
आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद सीचेवाल ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि महिलाओं को कैंसर का 100 प्रतिशत मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कम से कम 75 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जानी चाहिए, ताकि वे इलाज का खर्च उठा सकें। उन्होंने यह भी जोर दिया कि चाहे इलाज सरकारी अस्पताल में हो या निजी अस्पताल में, कैंसर मरीजों को विशेष और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए।
महिलाओं का स्वास्थ्य समाज की प्राथमिकता
सीचेवाल ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे समाज से जुड़ा विषय है। महिलाएं परिवार और समाज की नींव होती हैं। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं का स्वास्थ्य सुरक्षित नहीं रहेगा, तो इसका असर आने वाली पीढ़ियों और पंजाब के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा सिर्फ स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य और अस्तित्व से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर तुरंत और गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।
