साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए 750 एसआई प्रशिक्षित किए जाएंगे

Friday, Aug 25, 2017 - 07:31 PM (IST)

नैनीताल: उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने कहा कि आधुनिक तकनीकी युग साइबर अपराधों से निपटने के लिए प्रदेश में 750 उपनिरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रदेश के हर थाने में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रतूड़ी ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि पुलिस को पेशेवर रूप में लाया जाएगा। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विवेचना को अब बयानों के बजाय वैज्ञानिक आधार पर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में साइबर अपराधों से निपटने के लिए 750 उपनिरीक्षकों को विशेष प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा। प्रदेश के हर थाने को सीसीटीवी से कवर करने की योजना के बारे में रतूड़ी ने कहा कि सरकार को इस संदर्भ में प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की ओर से जोरदार अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में युुवाओं को भी प्रशिक्षित किया जाएगा।

पुलिस महानिदेशक बनने के बाद रतूड़ी पहली बार कुमाऊं दौरे पर आए हैं। उन्होंने कहा कि यातायात की समस्या पूरे प्रदेश में पुलिस के लिए खासी चुनौती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए प्रदेश में मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन में नैनीताल जिले की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस कर्मियों को साफ साफ कहा कि अ‘छी पुलिसिंग के लिए अच्छा व्यवहार होना जरूरी है। इसलिए सभी पुलिस कर्मी जनता के साथ अ‘छा व्यवहार करें।

Advertising