स्वतंत्रता दिवस: सरहद पर 700 Km लंबी मानव श्रृंखला बनाकर किया शहीदों को नमन

Wednesday, Aug 15, 2018 - 02:35 PM (IST)

जयपुर: शहादत को सम्मान कार्यक्रम के तहत राजस्थान के चार सीमावर्ती जिलों के लोगों ने आज मानव श्रृंखला बनाई। अधिकारियों का कहना है कि भारत-पाकिस्तान की सीमा के समानान्तर राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर लगभग सात सौ किलोमीटर लम्बी इस मानव श्रृखंला लगभग पांच लाख लोगों ने भाग लिया। 

सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों और शहीदों के सम्मान में इस कार्यक्रम का आयोजन भारत-पाक सीमा से सटे बाड़मेर, जैसलमेर, बीकानेर व श्रीगंगानगर जिलों में किया गया। जैसलमेर के जिला कलेक्टर ओम प्रकाश कसेरा ने बताया कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जैसलमेर के वार म्यूजियम में एक पौधारोपण कर इस पल को यादगार बनाया। मानवश्रृंखला में बडी संख्या में महिलाओं, स्कूली बच्चों, सीमा सुरक्षा बल और सेना के जवानों व प्रशासनिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।  


अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टि से मानव श्रृंखला कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को रोका गया था। उन्होंने बताया कि इस अवसर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 21 लोगों को सम्मानित किया। बाड़मेर के जिला कलक्टर शिवप्रसाद मदन नकाते ने बताया मानव श्रृंखला के दौरान स्कूली बच्चों ने 200 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौडा तिरंगा हाथों में लहराया। इस दौरान सेना के टैंक, हथियारों को प्रर्दिशत किया गया। मुख्यमंत्री ने मानव श्रृखंला का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान भारत का एक थ्री डी मानचित्र प्रर्दशित किया जो आर्कषण का केन्द्र रहा। 

vasudha

Advertising