70 वर्षीया महिला की बेरहमी से की पिटाई! CCTV कैमरे में कैद हुई तस्वीरें

Thursday, Feb 18, 2016 - 05:08 PM (IST)

नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद शहर के खजूरी पोल में एक 70 वर्षीया वृद्धा के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वृद्धा को लोहे के पाइप व डंडे से बुरी तरह पीटा और फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, आरोपी मकान के बगल में बनी पुलिस चौकी की दीवार फांदकर वृद्धा के घर में घुसे थे। वृद्धा गिड़गिड़ाती रही, लेकिन दोनों आरोपी घर में घुसकर उसे बेरहमी से पीटते रहे।

मकान में दो वृद्ध महिलाएं व एक बुजुर्ग पुरुष रहते हैं, लेकिन घटना के समय घर पर एक महिला ही थी। 9 फरवरी की यह घटना बगल के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्गो ने मामला दर्ज नहीं करवाया है।

बताया जा रहा है कि मकान की पॉवर आफ अटार्नी रमेशभाई ठक्कर के नाम पर है। पिछले कई वर्षो से तीनों वृद्धजन यहां रह रहे हैं। अब इन्हीं का मकान पर दावा है। तीनों वृद्धजन दो बार कोर्ट से केस भी जीत चुके हैं और कोर्ट ने मकान का मूल मालिक इन्हें ही करार दिया है। इसके बावजूद इनसे जबर्दस्ती मकान खाली करवाया जा रहा है। 

Advertising