बीएमसी के पास 58,000 करोड़ रूपए, फिर भी मुंबई में हर साल आती है बाढ़ : गडकरी

Friday, Aug 16, 2019 - 09:21 PM (IST)

मुंबई: केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नितिन गडकरी ने शुक्रवार को बृहन्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पर निशाना साधते हुए कहा कि निकाय के पास भारी मात्रा में नकदी है फिर भी नगर में मानसून की समस्या बरकरार है। उल्लेखनीय है कि बीएमसी पर भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना का नियंत्रण है और इसे देश का सबसे धनी नगर निकाय कहा जाता है। गडकरी ने गोरई इलाके में एक मैंग्रोव पार्क के लिए भूमि पूजन करने के बाद यह टिप्पणी की। 

उन्होंने कहा, ‘मैंने सुना है कि बीएमसी के पास 58,000 करोड़ रुपए की सावधि जमा (फिक्स्ड डिपोजिट) है। और हर साल हम टीवी पर देखते हैं कि मुंबई में (मानसून के दौरान) बाढ़ आ गई है, सड़कों पर पानी भर गया है। यह हर साल होता है।' उन्होंने कहा कि जो राशि उनके पास है, वे उसका उपयोग समुद्र में जाने वाले अपशिष्ट जल के पुन:चक्रण के लिए कर सकते हैं।

 केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी ने कहा कि उनके पास मुंबई महानगर क्षेत्र से निर्माणाधीन नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक परिवहन के लिए एक ‘जल टैक्सी' परियोजना है। उन्होंने कहा कि इटली के वेनिस में लोग होटल से नाव के जरिए सीधे हवाई अड्डा जा सकते हैं। मेरे पास ऐसी एक परियोजना तैयार है। 

shukdev

Advertising