ओडिशा में चक्रवात में मरने वालों की संख्या 52 हुई, राहत कार्य जारी

Wednesday, Oct 17, 2018 - 05:59 PM (IST)

भुवनेश्वर: ओडिशा में चक्रवात तितली और उसके कारण आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है और इस आपदा के कारण करीब 2200 करोड़ रुपए के नुकसान का आंकलन किया गया है। ओडिशा सरकार ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस हफ्ते की शुरुआत में प्रदेश सरकार ने आपदा के चलते 26 लोगों की मौत की पुष्टि की थी। अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद मुख्य सचिव ए पी पाधी ने बुधवार को बताया कि गजपति जिले में भूस्खलन के चलते लापता हुए 10 लोगों के बारे में प्रशासन द्वारा सूचना एकत्र करने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि अभी तक विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में 52 लोगों के मरने की सूचना प्रदेश सरकार को प्राप्त हुई है। यह मौतें भूस्खलन, दीवार ढहने, डूबने और पेड़ गिरने के कारण हुई है। पाधी ने बताया कि इस आपदा से ‘बुरी तरह प्रभावित गजपति जिले’ से 39 लोगों की मौत की खबर है, गंजम जिले से 12 लोगों की मौत और कंधमाल से एक व्यक्ति के मरने की खबर है।

उन्होंने बताया कि आरंभिक आंकलन में करीब 2200 करोड़ रुपए की क्षति का अनुमान लगाया गया है जिसमें आधारभूत ढांचे और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में नुकसान हुआ है। इस आपदा के चलते हुए कुल नुकसान की पूरी रिपोर्ट एक या दो दिन में मिल जाएगी। प्रदेश में चल रहे राहत कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 95 फीसदी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की जा चुकी है। शहरी क्षेत्रों में पेयजल और बिजली आपूर्ति  फिर से सामान्य हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन को पटरी पर लाने के लिए कार्य चल रहा है।

shukdev

Advertising