दिल्ली में 5 साल बाद टूटा ठंड का रिकार्ड, आज 2 डिग्री तक रहेगा पारा

Sunday, Dec 30, 2018 - 09:17 AM (IST)

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को कड़ाके की सर्दी जारी रही और पारा गिरकर 2.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यह पिछले पांच साल में दिसंबर महीने के दौरान सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस पर आ जाएगा और अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहेगा।मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत से नीचे रहा। अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री नीचे था।

यह 2013 के बाद दिसंबर में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है।’’ आर्द्रता 60 से 85 प्रतिशत के बीच रही। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले 30 दिसंबर 2013 को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली सर्द हवाओं की गिरफ्त में है। गत 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मौसम का पूर्वानुमान है कि आसमान साफ रहेगा और संभावना रविवार सुबह घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार को भी ठंडी हवाओं का दौर जारी रहेगा। वहीं कश्मीर के श्रीनगर में 28 साल बाद माइनस 7.2 तापमान दर्ज किया गया। कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील बर्फ में तबदील हो गई है और पीने के पानी का संकट गहरा गया है।

Seema Sharma

Advertising