आसमान में जल्द दिखेगा दुर्लभ नजारा- एक साथ दिखेंगे 5 ग्रह...बिना दूरबीन या टेलिस्कोप के आएंगे नजर

Sunday, Jun 05, 2022 - 11:00 AM (IST)

नेशनल डेस्क: अंतरिक्ष में होने वाली हलचल पर नजर रखने वालों के लिए यह महीना खास होने जा रहा है। दरअसल, इस पूरे महीने यानी जून में एक बेहद दुर्लभ नजारे के तहत धरती से पांच ग्रह बिना किसी उपकरण की मदद के देखे जा सकते हैं। पांच ग्रह- बुध (Mercury), शुक्र (Venus), मंगल (Mars), बृहस्पति (Jupiter) और शनि (Saturn) इस महीने सूर्य से एक सीध में हैं और इन्हें सुबह-सुबह बिना दूरबीन या टेलिस्कोप की मदद के देखा जा सकता है। जब दो से तीन ग्रह एक साथ आते हैं तो इसे कंजंक्शन (conjunction) कहते हैं। वहीं, पांच ग्रहों का इस तरह साथ आना बेहद दुर्लभ है।

 

पिछली बार ये पांच ग्रह दिसंबर 2004 में एक साथ आए थे। इसके बाद इन्हें 2040 में एक साथ देखा जा सकेगा। बहरहाल, इस महीने पांचों ग्रहों को देखने के लिए आपको अपने दिन की शुरुआत जल्दी करनी होगी। ऐसा इसलिए क्योंकि बुध जो सूर्य के सबसे निकट है, वह सूरज के उगते ही गायब हो जाता है। इन अद्भुत दृश्य को देखने के लिए जरूरी है कि आप किसी ऊंचाई वाले स्थान पर या खुले जगह पर जाएं। इसके बाद पूर्वी क्षितिज की ओर देखें।

 

पांचों ग्रह पूरे महीने इसी तरह दिखाई देंगे। हालांकि, उन्हें सभी दिनों में देखना मुश्किल हो सकता है। कुछ तारीखों में यह नजारा बेहद स्पष्ट दिखाई देगा। इनमें से पहले दो दिन 3 जून और 4 जून थे। इसके बाद 24 जून वह तारीख है जब इस नजारे को साफ तौर पर देखा जा सकेगा। स्काई एंड टेलीस्कोप के अनुसार इस दिन सुबह पांचों ग्रह लंबी अवधि (लगभग एक घंटे) के लिए दिखाई देंगे। बुध ग्रह को पहचानना आसान होगा क्योंकि यह बेहद चमकीला नजर आएगा। इसके अलावा पांच ग्रहों के इस परेड में शुक्र और मंगल के बीच स्थित एक अर्धचंद्राकार चंद्रमा (crescent Moon) भी नजर आएगा।

Seema Sharma

Advertising