जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भूस्खलन की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत

Monday, Aug 20, 2018 - 07:15 PM (IST)

 किश्तवाड़ : जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक पहाड़ी सडक़ पर भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गयी और नौ अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजिन्दर कुमार गुप्ता ने  बताया कि डोडा-किश्तवाड़ मार्ग पर कुल्लीगाड में यह हादसा उस समय हुआ जब एक पहाड़ी से भारी मात्रा में पत्थर और मलबा नीचे गिरने लगा, जिसके चपेट में सडक़ पर जा रही एक छोटी बस और एक कार आ गयी। उन्होंने बताया कि चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप ये घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। गुप्ता ने बताया कि मृतकों में एक महिला शामिल है।

अधिकारी ने बताया कि नौ अन्य यात्रियों को बचा लिया गया और उन्हें विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों में सवार यात्रियों में से कुछ लोग अभी चल रही मचैल यात्रा में शामिल होने पद्दार घाटी जा रहे थे।   जिला विकास आयुक्त अंग्रेज सिंह राणा ने बताया कि स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को मदद पहुंचा रहा हैं। उन्होंने बताया कि यह घटना सुबह करीब 10.30 बजे की है और बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल ले गयी।   राणा ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत ‘गंभीर’ बनी हुई है। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ लोग यात्रा के लिए उधमपुर से आये थे। 43 दिनों तक चलने वाली मचैल यात्रा की शुरुआत 25 जुलाई को हुई और अब तक 1.50 लाख से अधिक तीर्थयात्री देवी दुर्गा माता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुके हैं। 
 

Monika Jamwal

Advertising