दिल्ली के पांडव नगर में 4 साल की बच्ची से रेप, ट्यूशन टीचर का भाई हुआ गिरफ्तार
Sunday, Mar 24, 2024 - 11:03 PM (IST)
नेशनल डेस्कः पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में ट्यूशन शिक्षक के भाई द्वारा कथित तौर पर चार साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। घटना के बाद विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और लोगों ने कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि माहौल को खराब करने के लिए सोशल मीडिया मंच 'व्हाट्सऐप' के माध्यम से मामले के बारे में भड़काऊ संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने का आग्रह किया।
#WATCH | Delhi: People protested and vandalised cars in the Pandav Nagar area after a 4-year-old girl was allegedly raped by a man at her tuition centre. https://t.co/xNaRoxHOFv pic.twitter.com/AnmmlN9wIT
— ANI (@ANI) March 24, 2024
पुलिस ने कहा कि कथित घटना शनिवार को तब हुई जब लड़की अपने 'ट्यूशन सेंटर' में थी, जिसे शिक्षक अपने घर से चलाती है। सूत्रों ने कहा कि कथित घटना के बाद लड़की ने रोते हुए अपने माता-पिता को बताया कि जब शिक्षक बाहर थी, तो उसके भाई ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे इस मामले के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इस घटना पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आईं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की, वहीं आम आदमी पार्टी (आप) ने दावा किया कि यह खराब कानून व्यवस्था की स्थिति का संकेत है। पीड़िता को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) स्थानांतरित किया गया है।
पुलिस ने कहा कि जैसे ही खबर फैली, प्रदर्शनकारी आरोपी के घर के पास जमा हो गए और कोई कार्रवाई नहीं होने की अफवाह पर कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। इलाके का दौरा करने वाली पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) अपूर्वा गुप्ता ने एक बयान में कहा, "कल रात (शनिवार) मंडावली पुलिस थाना क्षेत्र में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और उसी दिन संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया।" उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई गलत संदेश और अफवाहें चल रही हैं।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, "लड़की बिलकुल ठीक है। उसे एम्स भेजा गया है क्योंकि वहां बच्चों के लिए 'वन स्टॉप सेंटर' लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की तुलना में बेहतर सुविधाएं प्रदान करता है।" उन्होंने कहा कि लड़की के माता-पिता उसके साथ हैं। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी रेंज) सागर सिंह कलसी ने कहा, "हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके परिवार के कुछ सदस्यों को हिरासत में लिया है। कुछ स्थानीय लोगों ने कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की, क्योंकि उन्हें कुछ संदेश मिले थे कि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।" पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है, किसी को भी कानून-व्यवस्था भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लड़की खतरे से बाहर है।
इस बीच, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घटना की कड़ी निंदा की और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आप नेता और दिल्ली की वित्त मंत्री आतिशी ने इस घटना को "राष्ट्रीय राजधानी पर कलंक" करार दिया। उपराज्यपाल वीके सक्सेना को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि मीडिया में यह खबर आई है कि पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर में चार साल की बच्ची के साथ बलात्कार किया गया।
आतिशी ने लिखा, "इतना भयावह अपराध राष्ट्रीय राजधानी पर कलंक है। यह खराब कानून-व्यवस्था की स्थिति का संकेत है कि दिल्ली में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसक अपराध करने वाले अपराधियों को दिल्ली पुलिस की त्वरित और कड़ी कार्रवाई का कोई डर नहीं है।" उन्होंने कहा कि वह उन्हें सिर्फ एक मंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि दिल्ली में रहने वाली एक महिला के तौर पर यह पत्र लिख रही हैं।