मध्यप्रदेश में कोरोना की दस्तक, जबलपुर में विदेश से लौटे 4 लोग संक्रमित

Friday, Mar 20, 2020 - 10:25 PM (IST)

जबलपुर: कोरोना वायरस देश में तेजी से फैल रहा है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कोरोना के चार पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि ये सभी मरीज जर्मनी और दुबई से यहां वापस लौटे हैं। कोरोना संक्रमण की जांच के दौरान इन चारों को संक्रमित पाया गया। बता दें, मध्यप्रदेश में पहली बार कोरोना संक्रमित मरीजों की जानकारी मिली है। तीन मरीज दुबई से और 1 मरीज स्विट्जरलैंड से लौटा है। उनमें से 3 एक ही परिवार के सदस्य हैं।


कलेक्टर ने वायरस से संक्रमित चारों मरीजों को विक्टोरिया अस्पताल से मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने के निर्देश दिए। विक्टोरिया अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती चारों मरीजों के थ्रोट स्वाब के नमूने जांच के लिए आईसीएमआर स्थित एनआईआरटीएच भेजे गए थे। शुक्रवार देर शाम एनआईआरटीएच द्वारा जारी थ्रोट स्वाब की रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें चारों को कोरोना वायरस पॉजिटिव बताया गया।


कलेक्टर भरत यादव ने चार मरीजों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि करते हुए बताया कि मरीजों के स्वजन को भी क्वारंटाइन किया जाएगा। चारों कब दुबई यात्रा से लौटे थे। किस मार्ग से जबलपुर तक पहुंचे थे और संक्रमण की रिपोर्ट मिलने से पूर्व वे कहां-कहां गए, किन लोगों से मेलजोल किया इसका पता लगाया जा रहा है। उन सभी को क्वारंटाइन कर थ्रोट स्वाब के नमूने जांच के लिए लैब भेजे जाएंंगे। उन्होंने यह भी कहा कि संक्रमित मरीज जिन लोगों के संपर्क में रहे वे स्वेच्छा से अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं।

shukdev

Advertising