रामबन में सडक़ हादसा, चार की मौत, पांच घायल
Saturday, Jul 13, 2019 - 06:41 PM (IST)
ऊधमपुर/रामबन (सौरभ) : खस्ताहाल सडक़ की वजह से रामबन जिले के उखराल इलाके में एक वाहन खाई में गिरने से चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई जबकि हादसे में चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार को रामबन जिले के पोगल परिस्तान तहसील में पड़ते मोतिहल लिंक रोड पर उखराल से अलिनबास की ओर जा रही टाटा सुमो (जे.के. 03ए/ 3777) चालक के नियंत्रण से बाहर होने की वजह से सडक़ किनारे गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे वाहन पर सवार चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हादसे में 4 लोग घायल हो गए। जिनमें से एक की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित कर राहत कार्य शुरू कर दिया।
पुलिस एवं एनडीआरएफ के राहत कर्मियों द्वारा घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों की मानें तो सडक़ की खस्ता हालत की वजह से यह हादसा पेश आया है। जिसकी वजह से लोगों में काफी रोष व्याप्त है। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान तारा देवी (54) पत्नी दान चंद निवासी बटोत, सानवी देवी (10) पुत्री सुभाष सिंह निवासी उखराल, मोहम्मद इकबाल (19) निवासी अलीन बास, निलोफर बानो पुत्री मोहम्मद अशरफ जराल निवासी धनमस्ता के रूप में की गई है। घायलों की पहचान जावेद अहमद धरातल (45) पुत्र अताउल्ला निवासी अलीनबास, राहत (18) पुत्री अशरफ राल निवासी धन मस्ता और भाटी पुत्र साधू निवासी अलीनबास के रूप में की गई है। समाचार लिखे जाने तक चौथे घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।