कोरोना के बीच शुरू हुआ मानसून सत्र, पहले दिन लोकसभा में 359 सदस्यों ने कार्यवाही में लिया हिस्सा

Monday, Sep 14, 2020 - 07:05 PM (IST)

नई दिल्लीः कोरोना महामारी के कारण संसद के मानसून सत्र के पहले दिन आज लोकसभा में बहुत नजारा बहुत बदला हुआ नजर आया। पहले दिन लोकसभा की कार्यवाही में 359 सदस्यों ने भाग लिया।  लोकसभा सचिवालय ने यहां यह जानकारी दी। सचिवालय के अनुसार सोमवार को सदन में 359 सदस्यों ने भाग लिया। इसबीच सत्र के आरंभ होने के पहले कोरोना के परीक्षण के दौरान पांच सदस्यों के इस विषाणु से संक्रमित पाये जाने की खबर है। लद्दाख से निर्वाचित जामयांग शेरिंग नामग्याल ने ट्वीटर पर अपने कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की सूचना दी है।  कोविड -19 वैश्विक महामारी के कारण सरकार द्वारा स्वीकृत स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार सदन में कार्यवाही के लिए सदस्यों के बैठने की व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन किया गया है।

लोकसभा में सदन में 257 सदस्यों को बैठने की व्यवस्था की गयी है जबकि लोकसभा की दर्शक दीर्घा में 172, राज्यसभा की दर्शक दीर्घा में 51 सदस्य तथा राज्यसभा के सदन में 60 सदस्यों के बैठने का स्थान निश्चित किया गया है।  लोकसभा सचिवालय ने सुरक्षा एवं स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के मद्देनजर बहुत सीमित संख्या में कर्मचारियों एवं पत्रकारों को पास दिये हैं। लोकसभा में अध्यक्ष के आसन के बाँयी ओर का स्क्रीन और ऊपर की तरफ लगा दाँयी ओर का स्क्रीन राज्यसभा का द्दश्य दिखाएगा।

गैलरी में सैनेटाइजर डिस्पेंसिंग मशीन भी लगीं हैं। सदस्यों के बैठने वाले स्थानों को रोज़ाना सैनेटाइज़ किया जाएगा। सदस्यों की बैठने की जगह बदली हुई थी और एक सदस्य से दूसरे के बीच काफी फासला होने के साथ ही शीशा लगाया गया है। आगे की जिन सीटों पर दो सदस्य बैठते थे वहां एक के ही बैठने की व्यवस्था की गयी है। सीट के पीछे नम्बर लिखा है और जिस सीट पर नम्बर पट्टी चिपकी है वहीं सदस्य को बैठना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यवाही शुरू होने से पांच मिनट पहले ही सदन में पहुंच गये थे। उनके बगल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बैठने की जगह होती है लेकिन इस बार श्री सिंह को एक सीट छोड़कर गृहमंत्री अमित शाह की सीट पर बिठाया गया। आगे की सीट पर शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और उनकी बगल में सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर बैठे लेकिन श्री जावड़ेकर को सोशल डिस्टेंस का एहसास हुआ तो वह तुरंत पीछे की सीट पर चले गये। बाद में एक और मंत्री उनकी जगह पर आकर बैठ गये। जनत दल यू के नेता राजीव रंजन सिंह के बगल में एक बड़े मंत्री महोदय आकर बैठक बैठ गये। 

मंत्री आगे की सीटों पर बैठने में दूरी का पालन करते हुए कम ही नजर आये। सदस्यों के बीच निश्चित दूरी रही लेकिन कई सदस्य बाद तक अपनी सीटों को खोजते नजर आये। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के असदुद्दीन ओवेसी तो कई सीटों पर बैठे लेकिन उन्हें बार बार उठाया गया। इसी तरह से बसपा के रीतेश पांडे ने अपने लिए निर्धारित सीट से एक सदस्य को उठने के लिए कहा। लोकसभा की दर्शक दीर्घा में कई सदस्यों के लिए बैठने की व्यवस्था की गयी थी।

दर्शक दीर्घा में सदन की कार्यवाही देखने के लिए बनी वीआईपी दीर्घा, विदेशी मेहमानों के लिए बनी दीर्घा तथा अन्य में भी सदस्यों के बैठने की जगह थी। कुछ सदस्यों को राज्यसभा में बिठाया गया था। प्रेस दीर्घा में सिफर् पत्रकारों के लिए ही बैठने की जगह थी लेकिन दो पत्रकारों के बीच चार से पांच सीटों का अंतर रखा गया। कोविड-19 की महामारी की असाधारण परिस्थितियों में हो रही सदन की कार्यवाही आज पहले दिन सुबह नौ बजे शुरू हुई और दोपहर करीब डेढ़ बजे तक चली जिसमें सदन की कार्यवाही के संशोधित प्रारूप पर सदस्यों की स्वीकृति हासिल की गयी। सदन की कार्यवाही मंगलवार से एक अक्टूबर तक अपराह्न तीन बजे से शाम सात बजे तक चलेगी। सदन की स्वीकृति होने पर कार्यवाही के समय को बढ़ाया भी जा सकता है। रविवार एवं शनिवार को कोई अवकाश नहीं होगा।

Yaspal

Advertising