झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन लगाने के बाद 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत, पुलिस कर रही जांच

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 06:16 PM (IST)

एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बुखार के इलाज के दौरान एक झोलाछाप चिकित्सक द्वारा कथित रूप से इंजेक्शन लगाए जाने के बाद 32 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना जसर्थपुर थाना क्षेत्र की है, जहां मृतक रत्नेश कई दिनों से बुखार से पीड़ित था।

रत्नेश के भाई बिजेंद्र ने बताया कि परिवार ने उसके इलाज के लिए नगला हिम्मत में मेडिकल स्टोर चलाने वाले एक स्थानीय व्यक्ति को घर बुलाया था, जो लोगों को इलाज भी उपलब्ध कराता था। परिवार का आरोप है कि उक्त व्यक्ति द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद रत्नेश की हालत बिगड़ गई और करीब पांच मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में अलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार के अनुसार, घटना के बाद झोलाछाप चिकित्सक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। जसर्थपुर थाना प्रभारी सुबोध कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा, ''पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar