अमरनाथ यात्रा अपने चर्म पर, जम्मू से 4,355 तीर्थयात्रियों का 30वां जत्था पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए रवाना

Wednesday, Jul 20, 2022 - 07:25 PM (IST)

जम्मू : कड़ी सुरक्षा के बीच 4,355 तीर्थयात्रियों का 30वां जत्था दक्षिण कश्मीर में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए बुधवार सुबह रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि केन्द्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कड़ी सुरक्षा के बीच 166 वाहनों में तीर्थयात्री यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए।

उन्होंने बताया कि बालटाल आधार शिविर के लिए जाने वाले 1,846 तीर्थयात्री 72 वाहनों में सबसे पहले रवाना हुए। इसके बाद कश्मीर में पहलगाम शिविर के लिए 2,509 तीर्थयात्रियों को लेकर 94 वाहनों का दूसरा काफिला रवाना हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि अभी तक दो लाख से अधिक तीर्थयात्री पवित्र गुफा में बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं।

बाबा बर्फानी के दर्शन के लिये 43 दिन की वार्षिक यात्रा दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान मार्ग और मध्य कश्मीर के गांदरबल में 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से 30 जून को शुरू हुई थी। यात्रा के दौरान अभी तक 32 लोगों की विभिन्न वजहों से मौत हो चुकी है। इनके अलावा एक जुलाई को गुफा मंदिर के पास अचानक आई बाढ़ में 15 तीर्थयात्रियों की जान चली गई थी।

अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होगी।
 

Monika Jamwal

Advertising