दिल्ली: दीपावली पर आग लगने की 300 घटनाएं, 2 बच्चों की मौत

Thursday, Nov 08, 2018 - 02:52 PM (IST)

नई दिल्ली: दिल्ली में इस साल दीपावली पर पटाखों की वजह से आग लगने की 300 से अधिक घटनाएं सामने आईं, जिनमें एक मामले में दो बच्चों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। दिल्ली फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि उनके कार्यालय में दीपावली की आधी रात तक रिकॉर्ड संख्या में 271 आग लगने की सूचनाएं आईं और गुरुवार को सुबह आठ बजे तक 74 ऐसे फोन और आए।

उन्होंने बताया कि हालांकि बीते साल की तुलना में इस साल अधिक फोन आए, पर पटाखों की वजह से आग लगने की घटनाओं में कमी आई है। इसके पूरे आंकड़े अभी आने बाकी हैं। दिल्ली अग्निशमन सेवा को बीते साल 204 फोन कॉल्स आई थीं। सदर बाजार क्षेत्र में फिल्मिस्तान सिनेमा के पास बनी झुग्गियों में एक दर्दनाक घटना में दो बच्चों 10 साल के गणेश और 8 साल की स्वाति की मौत हो गई। उनकी मां सुमन (28), पचपन फीसदी और 5 साल का भाई ध्रुव 70 फीसदी तक जल गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस घटना में संभवतया आग देर रात के बाद दो बजकर 18 मिनट पर रसोई गैस के सिलेंडर से लगी और उनकी झुग्गी में फैल गई। एक अन्य घटना में बवाना इलाके में एक फैक्ट्री में आग लग गई। यहां पर दमकल की 18 गाड़ियों को भेजा गया। उन्होंने बताया दिल्ली के पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी जिलों से सबसे अधिक कॉल्स आईं। उन्होंने कहा कि बीते साल पटाखों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा था पर हमें करीब 200 फोन कॉल आए। इस साल पटाखे फोड़ने पर रोक थी और केवल हरित पटाखों की बाजार में बिक्री की अनुमति थी, लेकिन तब भी आग लगने के मामलों को लेकर बार-बार फोन कॉल आते रहे।

Seema Sharma

Advertising