3 घंटे में तीन सड़क हादसों में 4 की मौत, दो घायल

Wednesday, Nov 23, 2016 - 08:38 AM (IST)

चंडीगढ़ (कुलदीप): शहर में सोमवार की रात काली रात बन गई, जब तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, मरने वाले सभी कम उम्र के हैं, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी हादसे आधी रात 12 से 1 बजे के बीच हुए, तीनों मामलों में आरोपी अज्ञात वाहन चालक हैं। पहला हादसा खुड्डा लाहौरा, दूसरा हादसा सैक्टर-29/30 लाइट प्वाइंट और तीसरा हादसा रामदरबार फेज-1 स्थित गुरुद्वारे के पास हुआ है जबकि 2 गंभीर घायलों का इलाज भी जारी है। 

 

पहला हादसा: समय 12.10 बजे स्थान-खुड्डा लाहौरा, 1 की मौत, 1 घायल
खुड्डा लाहौरा-नयागांव सड़क पर सोमवार रात 12.10 बजे बाइक सवार 2 लोगों को अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया। हादसे में बाइक सवार धनास निवासी अनिल व शिवकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सैक्टर-11 थाना पुलिस ने घायलों को पी.जी.आई. में भर्ती करवाया, जहां बाइक चालक अनिल की हालत गंभीर बनी हुई है और 29 वर्षीय शिवकुमार की मौत हो गई। मृतक शिवकुमार सैक्टर-17 स्थित फोटो स्टेट की शॉप पर काम करता था। पुलिस द्वारा सूचना पाकर पीड़ित परिजन भी अस्पताल में पहुंच गए थे। उन्होंने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज करवाया। 

 

दूसरा हादसा: समय-12:36 बजे, स्थान-रामदरबार फेज-1, 2 की मौत 1 गंभीर घायल 
सैक्टर-31 थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवक सैक्टर-32 की ओर से रामदरबार की ओर जा रहे थे। सोमवार रात 12.36 बजे अज्ञात वाहन चालक बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बाइक सवार रामदरबार निवासी 22 वर्षीय अनिल, हल्लोमाजरा निवासी 26 वर्षीय रंजीत और 25 वर्षीय एक अन्य दोस्त को जी.एम.सी.एच.-32 में भर्ती करवाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद अनिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके दोस्त रंजीत की तड़के 3 बजे मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मृतक रंजीत की सैक्टर-32 में चाय की शॉप व अनिल सैक्टर-32 अस्पताल में कंट्रक्शन का काम कर रहा था। 

 

तीसरा हादसा: समय-12.45 बजे, स्थान: सैक्टर-29/30 लाइट प्वाइंट, 1 की मौत 
सैक्टर-29/30 लाइट प्वाइंट पर सोमवार रात करीब 12.40 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसे में सैक्टर-30 निवासी 24 वर्षीय लक्की की मौत हुई है। लक्की चंडीगढ़ में प्राइवेट जॉब करता था। रोजाना की तरह देर रात ऑफिस से घर लौट रहा था कि हादसे का शिकार हो गया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। 

 

हैल्मेट पहना होता तो बच जाती जान
सैक्टर-31 थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि बाइक सवारों ने हैल्मेट नहीं लगाया था। उन्होंने बताया कि अनिल व रंजीत की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। 

Advertising