पाकिस्तान की गोलाबारी में तीन नागरिक घायल

Tuesday, May 22, 2018 - 02:05 PM (IST)

जम्मू : पाकिस्तान की ओर से आज जम्मू कश्मीर के जम्मू और सांबा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर की गयी गोलाबारी में तीन नागरिक घायल हो गये हैं।  पाकिस्तान ने घाटी की 20 सीमावर्ती अग्रिम चौकियों और 30 गांवों पर गोलाबारी की है। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां कहा, अभी तक आरएस पुरा में दो और अरनिया सेक्टर में एक नागरिक घायल हुआ है। घायल हुए एक व्यक्ति की पहचान अरनिया के  बदी चाक तालाब के निवासी मोहनलाल (48) के रूप में की गयी है। उसे उपचार के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कालेज (जीएमसी) ले जाया गया। जिला प्रशासन ने आरएस पुरा में अस्थायी शिविरों में शरण लेने वाले लोगों के लिए आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी हैं।

 

नियंत्रण रेखा पर गोलाबारी से प्रभावित 500 ग्रामीणों ने इन शिविरों में शरण ली हुई है।  सूत्रों ने कहा, पाकिस्तान की सेना ने आर एस पुरा, अरनिया और रामगढ़ सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास कल गोलाबारी करना शुरू किया था जो अभी तक जारी है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने कहा, पाकिस्तान की सेना ने नियंत्रण रेखा पर 20 चौकियों और 30 गांवों को निशाना बनाया और 120 एमएम के मोर्टार दागे। उन्होंने कहा की बीएसएफ पाकिस्तान की ओर से की जा रही गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दे रही है और भारतीय सेना को आज कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने कल सुबह सात बजे अरनिया सेक्टर में भारी गोलाबारी की और मोर्टार दागे। पाकिस्तान की गोलाबारी से कल एक पुलिसकर्मी और बच्चे समेत पांच लोग घायल हो गये थे। पाकिस्तान ने बाद में आरएस पुरा और रामगढ़ में भी गोलाबारी शुरू कर दी थी। मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कल सीमा क्षेत्रों का दौरा किया और पीड़ति परिवारों से मुलाकात की।

Monika Jamwal

Advertising