कश्मीर में बारिश का कहर, 3 की मौत

Wednesday, Jun 12, 2019 - 12:35 PM (IST)

श्रीनगर : मौसम ने कश्मीर में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। घाटी के गांधरबल जिले में तेज हवाओं से पेड़ गिरने से एक खानाबदोश परिवार के एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये। वहीं बांदीपोरा में भी पेड़ गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं पुलवामा में आई अचानक बाढ़ से दो चरवाहों को सुरक्षित बचाया गया। जानकारी के अनुसार गांधरबल में बीती रात राजोरी के खानाबदोश परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई और दो घायल हो गये। हादसा रैनावारी गुंड के ऊपरी जंगलों में घटा। मृतकों की पहचान मोहम्मद युसूफ पुत्र अब्दुल गनी निवासी राजोरी के तौर पर हुई है। जबकि घायलों की पहचान गुलाम हैदर और अब्दुल्ल लतीफ पुत्र महमूद के तौर पर हुई है।


पुलिस के अनुसार  बांदीपोरा में भी एक मकान पर पेड़ गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शरीफा बेगम और मुबीना बानो निवासी चंदई गांव के तौर पर हुई है। इस दौरान सोगाम पुल के पास दूधगंगा के बीच दो चरवाहे अपनी पांच सो के करीब भेड़ों के साथ फंस गये थे। पुलिस और बचाव दल ने उन्हें सुरक्षित निकाला। तूफान और बारिश से कश्मीर के कई हिस्सों में बिजली भी प्रभावित रही जबकि पानी भरने से कई जगहों पर काफी नुकसान हुआ है।
 

Monika Jamwal

Advertising