संदिग्ध शराब पीने से 3 चचेरे भाइयों की मौत, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Wednesday, Nov 11, 2026 - 10:50 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बुधवार को भैया दूज के दिन संदिग्ध शराब पीने से तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि तीनों ने एक्सपायरी और मिलावटी शराब का सेवन किया था। हालांकि, शराब में मिलावट या किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना जिले के निधौली कलां थाना क्षेत्र के किशोरपुर गांव की है। बुधवार को अजीत (18), जीतू (21) और शिव कुमार (19) गांव के बाहर एक सबमर्सिबल पंप के पास बैठकर शराब पी रहे थे। परिजनों ने बताया कि शराब पीने के कुछ देर बाद तीनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़े। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) इलामारन जी ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों तथा परिजनों से जानकारी ली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों ने गांव के बाहर एक स्थान पर साथ बैठकर शराब पी थी। उस समय उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा, ''अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने शराब में कुछ मिलाकर पी थी, अधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था या शराब में पहले से कोई मिलावट थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।''

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों ने दुकान से ही शराब खरीदी थी। प्रथम दृष्टया यह घटना शराब के सेवन के बाद हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से इसकी जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी एम. अरुण मौली भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस पोस्टमार्टम और अन्य जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News