बादल फटने 28 लोग लापता... 5 शव बरामद, घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

punjabkesari.in Wednesday, Aug 06, 2025 - 05:51 PM (IST)

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली गांव में मंगलवार (5 अगस्त) को बादल फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस आपदा के बाद केरल के 28 पर्यटकों का एक समूह लापता बताया जा रहा है। ये सभी पर्यटक गंगोत्री की यात्रा पर थे और हादसे के वक्त उसी रास्ते पर जा रहे थे।

लापता पर्यटकों के परिजनों ने बताया कि इन 28 लोगों में से 20 लोग मूल रूप से केरल के हैं, जो अब महाराष्ट्र में रहते हैं। बाकी आठ लोग केरल के अलग-अलग हिस्सों से हैं। एक दंपति के रिश्तेदार ने बताया कि उनके बेटे की आखिरी बार उनसे बातचीत एक दिन पहले हुई थी, जब उन्होंने बताया था कि वे सुबह करीब 8:30 बजे उत्तरकाशी से गंगोत्री के लिए निकले हैं।

परिजनों ने बताया कि हरिद्वार की एक ट्रैवल एजेंसी ने 10 दिन की उत्तराखंड यात्रा का आयोजन किया था, लेकिन अब एजेंसी भी इस समूह के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि मोबाइल नेटवर्क बंद होने और फोन की बैटरी खत्म हो जाने की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा होगा।

धराली गांव में तबाही, अब तक 5 शव बरामद

मंगलवार दोपहर धराली गांव में बादल फटने के बाद भारी भूस्खलन और बाढ़ से पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया। अब तक 5 शव निकाले जा चुके हैं। प्रशासन के मुताबिक, गांव का आधा हिस्सा कीचड़ और मलबे में समा गया है। धराली गंगोत्री जाने वाले रास्ते का एक प्रमुख पड़ाव है, जहां कई होटल और होमस्टे हैं।

मुख्यमंत्री ने दी जानकारी, राहत-बचाव कार्य जारी

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार (6 अगस्त) को मीडिया से बात करते हुए बताया कि अब तक भारतीय सेना की मदद से 190 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है और उनके मार्गदर्शन में राहत कार्य जारी है। सभी घायलों का एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है।" मुख्यमंत्री ने बताया कि घटनास्थल तक जाने वाली सड़कें भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गई हैं और उन्हें ठीक करने का प्रयास जारी है। खराब मौसम के बावजूद राहत और बचाव टीमें लगातार काम कर रही हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News