मानसून सत्र के पहले दिन चिंदबरम-सिब्बल और हरभजन सहित 28 नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्यों ने ली शपथ

Monday, Jul 18, 2022 - 12:54 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम, कपिल सिब्बल, प्रफुल्ल पटेल और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह सहित 28 नवनिर्वाचित सदस्यों ने सोमवार को संसद के मानसून सत्र के पहले दिन राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की। सुबह सदन की कार्यवाही आरंभ होते ही राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने वालों में 11 राज्यों के सदस्य और एक मनोनीत सदस्य शामिल थे। इन सदस्यों ने हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगू, तमिल, ओड़िया, मराठी और पंजाबी भाषा में शपथ ग्रहण किया। सबसे पहले आंध्र प्रदेश की सत्ताधारी युवाजना श्रामिका रैतु कांग्रेस पार्टी (YSR कांग्रेस) के मस्तान राव बीडा ने अंग्रेजी में शपथ ग्रहण किया। इसके बाद वाईएसआर कांग्रेस के ही विजय साई रेड्डी ने तेलुगू में शपथ ली।

 

बिहार से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के फैयाज अहमद और मीसा भारती, जनता दल (यूनाइटेड) के खीरू महतो और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शंभु शरण पटेल ने शपथ ग्रहण किया। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के सदस्य के रूप में कांग्रेस के रंजीत रंजन और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ल ने शपथ ली। झारखंड की सत्ताधारी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माझी और भाजपा के आदित्य प्रसाद ने हिंदी में शपथ लिया। फिल्म अभिनता से राजनेता बने कर्नाटक के जग्गेश ने भाजपा के सदस्य के रूप में कन्नड़ भाषा में शपथ ग्रहण किया। महाराष्ट्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रफुल्ल पटेल, कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी और शिवसेना के संजय राउत ने राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। राउत ने मराठी भाषा में शपथ ग्रहण की। ओड़िशा से बीजू जनता दल (बीजद) के सस्मित पात्रा ने ओड़िया में शपथ ग्रहण किया।

 

पंजाब से शपथ लेने वालों में आम आदमी पार्टी (AAP) के संदीप कुमार पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी और हरभजन सिंह ने पंजाबी में शपथ ग्रहण किया। राजस्थान से कांग्रेस के नवनिर्वाचित सदस्य प्रमोद कुमार तिवारी और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शपथ लिया। तमिलनाडु से कांग्रेस के पी चिंदबरम, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के आर गिरिराजन, एस कल्याणसुंदरम, के आर एन राजेश कुमार और सी वी षणमुगम ने पद की शपथ ली। सभी ने तमिल भाषा में शपथ ग्रहण किया। उत्तर प्रदेश से समाजवादी पार्टी के सदस्य के रूप में जावेद अली खान और कपिल सिब्बल ने शपथ ग्रहण किया। मनोनीत सदस्य के रूप में वी विजेंद्र प्रसाद ने शपथ ग्रहण किया।

 

आसन की ओर से शपथ लेने के लिए मनोनीत सदस्यों इलैया राजा और पी टी उषा के नाम पुकारे गए लेकिन दोनों सदन में उपस्थित नहीं थे। पिछले दिनों राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनावों में कुल 57 सदस्य राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इनमें से 27 सदस्यों ने आठ जुलाई को शपथ ग्रहण किया था। इनमें केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन और पीयूष गोयल और कांग्रेस के जयराम रमेश सहित कुछ अन्य सदस्य शामिल थे।

Seema Sharma

Advertising