24 कांग्रेसी नेताओं ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिखकर पूछा- कौन चला रहा दिल्ली में पार्टी

Monday, Jul 15, 2019 - 12:30 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार से उबर नहीं पा रही है। हार के बाद पार्टी नेताओं का इस्तीफे का सिलसिला जारी है। खुद राहुल गांधी भी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। राहुल के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने उनका अनुसरण करते हुए इस्तीफा दिया। वहीं इस इस्तीफा कांड के बीच पार्टी में गुटबाजी की खबरें आ रही है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के 24 नेताओं ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर प्रदेश नेतृत्व में चल रहे असमंजस को लेकर सवाल उठाए हैं। इस खत में कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी से पूछा कि दिल्ली में कांग्रेस को कौन चला रहा है। इन नेताओं ने दिल्ली में लगातार हो रहे फैसलों पर नाराजगी जाहिर की है।

दरअसल बीते शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस ने ब्लॉक व जिला ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए। इन नियुक्तियों पर नेताओं ने कहा कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित अस्पताल में भर्ती हैं तो फिर इतने महत्वपूर्ण फैसले कौन कर रहा है? पार्टी नेताओं को संदेह है कि पर्दे के पीछे से कुछ लोग प्रदेश कांग्रेस चला रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीते कुछ दिनों से शीला दीक्षित अस्वस्थता के चलते अस्पताल में भर्ती थीं। उनकी अनुपस्थिति में ही कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।

Seema Sharma

Advertising