देश भर में बाढ़ विभीषिका में मृतकों की संख्या 239, 74 लापता

Wednesday, Aug 14, 2019 - 07:45 PM (IST)

नई दिल्ली : देश के विभिन्न हिस्सों में बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन की घटनाओं में मरने वालों की संख्या 239 पर पहुंच गई जबकि 74 अन्य लापता हैं। बाढ़ की स्थिति में अब तेजी से सुधार हो रहा है और सेना विभिन्न एजेंसियों के साथ कंधे में कंधा मिलाकर राहत-बचाव कार्यों में जुटी हुई है। बारिश, बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण विभिन्न राज्यों में कई लाख लोग प्रभावित हुए हैं और अधिकतर लोगों को राहत शिविरों में विस्थापितों के समान जिंदगी व्यतीत करनी पड़ रही है। 


सेना समेत विभिन्न सुरक्षा एवं बचाव एजेंसियां राहत तथा बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। पानी घटने से कई राहत शिविरों में शरण लिए हुए लोग अपने-अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। केरल और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण सबसे अधिक नुकसान हुआ है। केरल में अब तक 102,कर्नाटक में 54, गुजरात में 35, महाराष्ट्र में 30, उत्तराखंड और ओडिशा में आठ-आठ तथा हिमाचल प्रदेश में दो लोगों की मौत हो चुकी है। 


इसके अलावा पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के बीच बिजली गिरने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। केरल और कर्नाटक में भारी बारिश एवं बाढ़ के कारण हुए भूस्खलन की घटनाओं के बाद से 74 लोग अब भी लापता हैं। केरल में जहां 59 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है जबकि कर्नाटक में 15 लोग लापता हैं।

shukdev

Advertising