जानिए, 2016 में किन हस्तियों को सबसे ज्यादा खोजा गया

Thursday, Dec 15, 2016 - 01:43 PM (IST)

नई दिल्ली: साल 2016 अपने अंत की ओर है और नया साल 2017 की शुरुआत होने जा रही है। इसी के साथ आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस साल किन हस्तियों को सबसे ज्यादा खोजा गया

अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और फैशन डिजाइनर अनिता डोंगरे इस साल गूगल पर सबसे ज्यादा तलाश की गई हस्तियों में शामिल हैं। गूगल ने इसकी एक आधिकारिक सूची जारी की है। इंटरटेनमेंट वीकली की खबर के अनुसार जल्द ही बेवाच फिल्म से हॉलीवुड सिनेमा में पर्दापण करने जा रहीं प्रियंका ऑस्कर रेड कार्पेट ड्रेस श्रेणी में सातवें नंबर पर हैं। मतलब लोगों ने ऑस्कर समारोह में हिस्सा लेने के दौरान रेड कार्पेट पर चहलकदमी करने वाली जिन हस्तियों को गूगल पर ढूंढा उनमें प्रियंका सातवें क्रम पर आती हैं।
 

इस सूची में हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर गार्नर पहले जबकि जेनिफर लॉरेंस दूसरे स्थान पर हैं। इसी तरह गूगल पर सबसे ज्यादा तलाशी जाने वाली फैशन जगत की हस्तियों में अनिता भी सातवें क्रम पर हैं। अनिता तब दुनिया भर में चर्चाओं में आ गयीं जब इस साल भारत यात्रा के दौरान ब्रिटिश शाही घराने की सदस्य केट मिडिलटन ने उनका डिजाइन किया एक परिधान पहना था।

इस सूची में भारतीय मूल की अमेरिकी डिजाइनर रैचल रॉय पहले स्थान पर हैं। गूगल पर सबसे ज्यादा तलाशे जाने वाले विषयों की सूची में प्रसिद्ध अमेरिकी गायक प्रिंस की मौत सबसे उपर है। उनका गाया गाना पर्पल रेनभी सबसे ज्यादा तलाशे जाने वाले गानों की सूची में पहले स्थान पर है।

सबसे ज्यादा तलाशे जाने वाले लोगों की सूची में अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पहले जबकि उनसे चुनाव हारने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन दूसरे स्थान पर हैं। एंजलीना जोली से तलाक को लेकर अब भी सुर्खियों में बने अभिनेता ब्रैड पिट गूगल पर सबसे ज्यादा तलाशे जाने वाले अभिनेता हैं जबकि ब्रिटेन के राजकुमार हैरी के साथ प्रेम संबंधों के कारण खबरों में आयीं हॉलीवुड अभिनेत्री मेगन मर्कले सबसे ज्यादा तलाशी जाने वाली अभिनेत्री हैं।

Advertising